मंगलवार रात करीब 9.30 बजे श्रीदेवी का पार्थिव शरीर लोखंडवाला में स्थित उनके आवास ग्रीन एकर्स पर पहुंच गया है। श्रीदेवी के पार्थिव शरीर के मुंबई पहुंचने से पहले ही एयरपोर्ट पर अनिल अंबानी
, अनिल कपूर समेत कई दिग्गज
हस्तियां पहुंच गई थीं। एयरपोर्ट पर तेजी से बढ़ती भीड़ को देख पुलिस को ट्रैफिक प्लान बदलना पड़ा था। एयरपोर्ट के पीछे के गेट से श्रीदेवी का पार्थिव शरीर निकाला गया। फैंस का जमावड़ा श्रीदेवी के पार्थिव शरीर की झलक पाने के लिए सड़कों पर लगा हुआ था। एयरपोर्ट से बाहर निकलने के बाद एक ओर अनिल कपूर और घर के बाकी सदस्य अपनी अपनी गाड़ियों से थे। वहीं दूसरी ओर, बोनी कपूर के बेटे अर्जुन कपूर एम्बुलेंस के साथ साथ गाड़ी से चल रहे थे। साथ में पुलिस भी चल रही थी।
फैंस को मिलेगा अंतिम संस्कार से पहले श्रीदेवी के आखिरी दर्शन का मौका
श्रीदेवी का आंतिम दर्शन बुधवार की सुबह 9.30 से दोपहर 12.30 बजे तक लोग कर सकेंगे। अंतिम दर्शन के लिए श्रीदेवी का शव लोखंडवाला में सेलेब्रेशन स्पोट्र्स क्लब में रखा जाएगा। अंतिम यात्रा दोपहर 2 बजे से प्रारंभ होकर 3.30 बजे समाप्त होगी। श्रीदेवी का अंतिम संस्कार उनके आवास के निकट में स्थित विले पार्ले के पवन हंस श्मशान घाट पर किया जाएगा।
प्रशंसकों पर पुलिस का लाठीचार्ज
श्रीदेवी के शव के अंतिम दर्शन करने आए प्रशंसकों की भीड़ पर पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा। यह भीड श्रीदेवी के घर के बाहर जमी थी। प्रशंसकों भीड इतनी थी कि व भीड़ को काबू करने के लिए पुलिस को कार्रवाई करनी पड़ी। जानकारों की मानें तो, लोखंडवाला में स्थित श्रीदेवी के घर के बाहर हजारों की संख्या में दोपहर से ही लोग जुटे हुए थे। प्रशंसकों की संख्या तब और बढ़ गई जब देर रात उनका शव मुंबई पहुंचने की सूचना मिली। एयरपोर्ट पर इस कदर भीड थी कि श्रीदेवी के शव को पिछले गेट से बाहर निकालना पड़ा । वहीं दूसरी ओर सड़कों पर ट्रैफिक को नियंत्रित करने के लिए एंबुलेंस के आगे पुलिस एस्कॉर्ट की जीप चलती रही। उनके घर के सामने भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को लाठियां चलानी पड़ी जिसमें कई लोगों को हल्की चोटें आई हैं।
श्रीदेवी की मौत में कोई साजिश नहीं
दुबई में हुई अभिनेत्री श्रीदेवी की मौत की पुलिस ने मंगलवार को जांच पूरी करने के बाद केस बंद कर दिया है। सरकारी वकीलों की सहमति और तमाम सबूतों के बाद पुलिस ने साफ किया कि अभिनेत्री की मौत दुर्घटनावश 'बाथ टब' में डूबने से हुई। इसमें किसी प्रकार की कोई साजिश नहीं है। जांच बंद करने का फैसला फॉरेंसिक रिपोर्ट के हवाले से लिया गया। दोपहर में भारतीय महावाणिज्य दूतावास को जानकारी दी गई कि दुबई पुलिस ने दूतावास को अभिनेत्री श्रीदेवी का शव परिवार को सौंपने से जुड़ा पत्र दिया है ताकि उनके शव पर लेप लगवाने का काम पूरा कर सकें, और इसके बाद श्रीदेवी के पार्थिव शरीर को दुबई पुलिस मुख्यालय स्थित शव गृह से मुहायसनाह के मेडिकल फिटनेट सेंटर ले जाया गया, शव पर लेप लगाने का काम यही पूरा हुआ।

No comments:
Post a Comment